पुलिस ने सुलझाई रमेश की हत्या की गुत्थी
-जीजा-साले ने की थी रमेश की हत्या, पुलिस ने किया अदालत ने पेश, आरोपी दो दिन के रिमांड पर त्रिभुवन वर्मा द्वारा :
नारनौल,20 नवंबर,2019:शनिवार को संदिग्ध परिस्थिति में मिले हिसार जिले के बड़वा वासी रमेश के शव की सतनाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पहचान के बाद मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी सोनू वासी फतेहाबाद व कर्मजीत वासी कैथल ने बड़ाला (हिसार) वासी रमेश की हत्या करना कबूल किया है। आरोपी रिश्ते में जीजा-साला बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। गौरतलब है कि शनिवार को सतनाली-डिगरोता सडक़ मार्ग पर संदिग्ध परिस्थिति में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला था। मृतक के गले में फंदा डला हुआ मिला जिससे गला घोंट कर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही थी।
हत्या का मामला लेकर चल रही थी पुलिस:
थाना प्रभारी सज्जन शर्मा ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शनिवार को नांवा के जोहड़ में अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव मिला था। जिसके बाद पुलिस ने एसपी दीपक सहारण के निर्देशानुसार सघनता से जांच शुरू की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि मृतक के गले में फंदा लगा होने के कारण पुलिस इसे हत्या का मामला लेकर चल रही थी। पुलिस ने सबसे पहले मृतक की पहचान के प्रयास किए जिसके बाद मृतक की पहचान हिसार के गांव बड़ाला वासी रमेश के रूप में उसके भांजे ने की।
तंत्र विद्या का काम करता था मृतक रमेश:
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि मृतक रमेश तंत्र विद्या का काम करता था तथा पंजाब में रमेश के साथ उनकी जान-पहचान हुई थी। रमेश ने कर्मजीत की बीमार पत्नी का तंत्र क्रिया के माध्यम से ईलाज करने की बात कहते हुए रुपयों की मांग की जिस पर कर्मजीत ने उसे कुछ रुपए दे दिए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रमेश कर्मजीत से बार-बार और रुपयों की मांग करने लगा और न देने पर तंत्र क्रिया से उसके पुत्र का मारने की धमकी दी जिसके कुछ दिनों बाद उसके पुत्र की मौत हो गई। इस पर वे घबरा गए तथा अनहोनी के डर से सतनाली में आकर मेहनत मजदूरी कर अपना गुजारा करने लगे तथा किराए के मकान में रहने लगे। आरोपियों ने बताया कि इसके बावजूद रमेश आए दिन उनसे रुपयों की मांग कर रहा था जिससे वे भारी परेशान थे। इसी दौरान गत 15 नवंबर को रमेश उनका सुराग लगाकर उनके पास सतनाली आ गया तथा रुपयों की मांग की। रमेश द्वारा बार-बार रुपयों की मांग से वे मानसिक दवाब में आ गए तथा रमेश को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। आरोपियों ने बताया कि वे रमेश को रुपए दिलाने के बहाने से जोहड़ की ओर ले गए और उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी सज्जन शर्मा ने बताया कि एसपी दीपक सहारण के निर्देशानुसार पुलिस ने गहनता से जांच करते हुए डीएसपी यादराम बिश्रोई के सहयोग से मामले को कम समय में ही सुलझाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
थाना प्रभारी सज्जन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों सोनू वासी फतेहाबाद व कर्मजीत वासी कैथल के विरूद्व हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जहां उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
