नारनौल, 20 सितंबर। जिला की दिव्या सैनी ने महिला वर्ग के लिए जींद में गतदिवस आयोजित सीनियर नेशनल तीरंदाजी ट्रायल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर हरियाणा राज्य स्तरीय टीम में टॉप 4 खिलाडिय़ों में जगह बनाई है। अब दिव्या सैनी 1 से 3 अक्टूबर तक झारखंड के टाटा नगर में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी परसराम व तीरंदाजी सचिव सुरेंद्र शर्मा ने सीनियर नेशनल तीरंदाजी ट्रायल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए दिव्या सैनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिव्या सैनी ने ट्रायल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने माता-पिता व गांव का ही नहीं अपितु अपने जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि दिव्या सैनी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस स्टेडियम नारनौल के तीरन्दाजी केंद्र की प्रशिक्षण खिलाड़ी है। उन्होंने बताया कि दिव्या सैनी पुत्री जयदयाल नारनौल के मौहल्ला पीरआगा की स्थाई निवासी है। फिलहाल वह एबीएम स्कूल में 12वीं क्लास में पढ़ रही है। उन्होंने बताया कि दिव्या बहुत ही लग्रशील खिलाड़ी है। वह प्रतिदिन सुबह व शाम लगभग 4 घंटे नेताजी सुभाष चन्द्र बोस स्टेडियम में अभ्यास करती है।
तीरन्दाजी प्रशिक्षक विनय कुमार ने बताया कि 19 सितंबर को जीन्द में महिला वर्ग में सीनियर नेशनल तीरन्दाजी का ट्रायल हुआ था। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के खिलाडिय़ों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया । दिव्या सैनी ने प्रथम स्थान अर्जित करते हुए हरियाणा राज्य स्तरीय टीम में टॉप 4 खिलाडिय़ों में जगह बनाई है।
फोटो:- खिलाड़ी दिव्या सैनी।
By: Madhur Vyas